मैहर, 23 सितंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के और सुरक्षित आवास का सपना साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। योजना के माध्यम से अनेक परिवारों को न केवल पक्का आवास मिला है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सुविधा और सम्मान भी आया है। मैहर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी श्रीमती आशा सोनी का परिवार भी प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित होकर अब पक्के और सुरक्षित मकान में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है।
श्रीमती आशा सोनी बताती हैं कि योजना का लाभ मिलने से पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में मकान की छत से पानी टपकने के कारण परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर में आवश्यक सुविधाओं की कमी के चलते परिवार का जीवन भी कठिनाइयों से भरा हुआ था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ₹2.50 लाख की आर्थिक सहायता मिलने से श्रीमती सोनी ने अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया। अब उनका परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक आवास में रह रहा है। पक्का मकान बनने से बारिश के दौरान पानी टपकने जैसी समस्या से राहत मिली है और परिवार का जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हुआ है।
श्रीमती आशा सोनी प्रधानमंत्री आवास योजना से मिले लाभ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि योजना ने उनके परिवार के कच्चे मकान को पक्के आशियाने में बदलकर उनके जीवन में नई खुशियां और आत्मसम्मान का भाव पैदा किया है।



