कभी रोजगार के निश्चित साधन और नियमित आय के अभाव में आर्थिक चुनौतियों का सामना करने वाली करेली तहसील के झिरना मोहल्ला बरमान कलां की दीक्षा सेन की जिंदगी में आज एक नया बदलाव आया है। मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 ने उनके सपनों को नई उड़ान देने का काम किया। शासकीय योजना से मिले सहयोग और अपनी मेहनत के बल पर दीक्षा ने अपना व्यवसाय शुरू किया और आज वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि 2 अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रही हैं।
योजना बनी सपनों को साकार करने का माध्यम
अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा दीक्षा सेन के मन में थी, लेकिन पर्याप्त पूंजी के अभाव में यह आसान नहीं था। ऐसे समय में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना उनके लिए सहारा बनी। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नरसिंहपुर के मार्गदर्शन से उन्होंने योजना के अंतर्गत ऋण के लिए प्रक्रिया पूरी की। शासकीय प्रयासों से उन्हें सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया चावरपाठा से 9.50 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इसके साथ ही योजना के तहत उन्हें 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान तथा सीजीटीएमएसई शुल्क की प्रतिपूर्ति का लाभ भी मिला। आर्थिक सहायता मिलने से उनके लिए अपने व्यवसाय की शुरुआत करने का रास्ता खुल गया।
मेहनत और हौसले से बदली आर्थिक स्थिति
योजना से मिली आर्थिक सहायता को आधार बनाकर दीक्षा सेन ने अपना व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। व्यवसाय शुरू होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में निरंतर सुधार हुआ और आज उन्हें 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह की आय प्राप्त हो रही है। दीक्षा की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति में सुधार तक सीमित नहीं है।
आज वे अपने व्यवसाय के माध्यम से 2 अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रही हैं। इस तरह सरकारी योजना के सहयोग से शुरू हुआ उनका प्रयास अब उनके साथ-साथ अन्य परिवारों के लिए भी रोजगार का माध्यम बन रहा है।
आत्मनिर्भरता ने बढ़ाया आत्मविश्वास
दीक्षा सेन के लिए यह बदलाव केवल आय में वृद्धि का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत का भी है। पहले जहां रोजगार और आय को लेकर अनिश्चितता थी, वहीं आज वे स्वयं अपने व्यवसाय का संचालन कर रही हैं और दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हुई हैं। उनका कहना है कि यदि सही समय पर शासकीय योजना का सहयोग और विभागीय मार्गदर्शन नहीं मिलता, तो अपने व्यवसाय को शुरू करना उनके लिए कठिन होता। योजना के माध्यम से मिले ऋण और अनुदान ने उनके सपने को हकीकत में बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
दीक्षा सेन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाएं लोगों को अपने पैरों पर खड़ा होने का अवसर प्रदान कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से मिले सहयोग ने उनके जीवन की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज वे अपने व्यवसाय के माध्यम से सम्मानजनक आय अर्जित कर रही हैं, आत्मनिर्भर बनी हैं और अन्य लोगों को रोजगार देने में भी सक्षम हुई हैं।



