विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
CISF एवं एयरपोर्ट कर्मियों को भी आयुर्वेद के महत्व की दी जानकारी
खास बातें
- CISF एवं एयरपोर्ट कर्मियों को भी आयुर्वेद के महत्व की दी जानकारी
- कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में आयुर्वेद दिवस 2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
- विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में लिया उत्साहपूर्वक भाग
कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देशन में आयुर्वेद दिवस 2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में आयुष विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों तथा खजुराहो स्थित CISF एवं एयरपोर्ट में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आमजन को आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में लिया उत्साहपूर्वक भाग
आयुर्वेद विषय पर व्याख्यान, भाषण, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित
जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी के निर्देशन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. नितिन पांडेय तथा डॉ. हेमन्त सिंह निरंजन के पर्यवेक्षण में जिले की समस्त आयुष संस्थाओं द्वारा विभिन्न विद्यालयों में “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए व्याख्यान, भाषण, निबंध लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय को आयुर्वेद प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
CISF एवं एयरपोर्ट कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए किया प्रेरित
आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत आयुष विंग खजुराहो द्वारा CISF एवं एयरपोर्ट के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वस्थ जीवनशैली की पद्धतियों, संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में आयुर्वेद की भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारी-कर्मचारियों को दैनिक जीवन में आयुर्वेदिक सिद्धांतों को अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य जिले में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

